अय्याशी कराने वाले होटल और गेस्ट हाउस पर अब पुलिस की सख्त नजर रहेगी। एसएसपी आगरा ने थाना स्तर पर ऐसे होटल और गेस्ट हाउस की गोपनीय जांच करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि आगंतुक रजिस्टर में ठहरने वाले लोगों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। कब आए और कब गए। इसमें रुकने का कारण भी लिखा होना चाहिए।
पकड़ी जा चुकी हैं विदेशी युवतियां
शहर में बड़े स्तर पर देह व्यापार का खेल चल रहा है। पूर्व में विदेशी युवतियां तक होटल में पकड़ी गईं हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए, लेकिन पुलिस की लापरवाही की वजह से कुछ होटलों में फिर से यही धंधा शुरू हो जाता है। इससे पहले सिकंदरा, ताजगंज, न्यू आगरा, एत्माद्दौला क्षेत्र के होटलों में देह व्यापार पकड़ा जा चुका है।
ये कहना है एसएसपी का
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शहर में कई ऐसे होटलों की शिकायत मिली है, जिनमें अवैध गतिविधियां संचालित हो रही है। इनके संबंध में थाना स्तर पर गोपनीय जांच की जा रही है। इसके बाद छापामार कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधि मिलने पर मुकदमे दर्ज कर आरेापियों को जेल भेजा जाएगा।
क्या हैं नियम?
एसएसपी ने बताया कि होटलों का पंजीकरण सराय एक्ट में होता है। नियम है कि होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। रजिस्टर में ठहरने वाले लोगों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। कब आए और कब गए। इसमें रुकने का कारण भी लिखा होना चाहिए। आगंतुक रजिस्टर रिसेप्शन पर होना चाहिए।
ये हैं कुछ पुराने मामले
एक साल पहले सिकंदरा क्षेत्र में ही एक होटल में युवती की हत्या कर आरोपी फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। एक सप्ताह पहले पश्चिम पुरी स्थित एक होटल में युवती की हत्या के बाद युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। 15 दिन पहले एत्माददौला क्षेत्र के एक होटल में पुलिस पहुंची थी, जहां युवक और युवतियां मिले थे। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के बाद छोड़ा था। तब भी कोई आईडी नहीं ली गई थी।