ग्रामीणों ने दबोच लिया आरोपी कार चालक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बीती रात दर्दनाक हादसा हुआ। थाना मांट क्षेत्र के गांव प्रेमनगर में बरात चढ़ने के दौरान नौहझील की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने एक आठ वर्षीय बालक को रौंदा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक एवं गाड़ी को पकड़ लिया। आरोपी कार चालक की जमकर पिटाई की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी चालक सुपुर्द कर दिया गया। उधर हादसे में घायल बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
यहां का है मामला
गांव प्रेमनगर में हीरालाल के दो बेटे मुकेश और बिजेंद्र की बरात की निकासी का कार्यक्रम चल रहा था। बताया गया है कि सभी बारात की तैयारियों में लगे हुए थे, इसी दौरान नौझील की तरफ से आ रही वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े हुए आठ वर्षीय बालक गुलशन पुत्र राजेंद्र निवासी छप्पे थाना जेवर जनपद बुलन्दशहर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बालक काफी दूर जाकर गिरा।
हादसे को देख थम गईं सांसें
हादसे को देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने बालक को उठाया और तत्काल ही उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। उधर घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार को रोक लिया और चालक को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मांट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
उपचार के दौरान बालक की मौत
वहीं उपचार के दौरान हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक गुलशन की मौत हो गई। बालक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।