मैनपुरी। स्पेशल जज ईसी एक्ट मीता सिंह ने बिजली विभाग के जेई अखिलेश वर्मा को न्यायालय में तलब किया है। मामले की सुनवाई के लिए चार अप्रैल की तारीख तय कर दी है।
थाना कुरावली के गांव बेलाहार में 14 सितंबर 2020 को जेई अखिलेश वर्मा ने टीम के साथ नत्थूराम के यहां चेकिंग की। उस पर 96955 रुपया बकाया होने पर पांच अगस्त 2020 को कनेक्शन काट दिया गया था। कनेक्शन चलता हुआ मिलने पर बिल जमा की रसीदें नहीं दिखा सका। चेकिंग रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। जेई ने बिजली थाना में बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखा दी।
पुलिस की जांच में नत्थूराम की मृत्यु 22 जुलाई 2019 को होना पाया गया। पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर न्यायालय में भेज दी। मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर उसकी मृत्यु घटना से पूर्व हो गई थी। विद्युत विभाग के अधिवक्ता देवेंद्र सिंह कटारिया की दलीलों पर स्पेशल जज मीता सिंह ने जेई अखिलेश वर्मा को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा है। सुनवाई के लिए चार अप्रैल की तारीख तय की है।