फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: सावरकर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव का सपा, बसपा पार्षदों ने किया विरोध, वोटिंग में मिली मंजूरी

Thu, 24 Nov 2022 04:28 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

टकराव देख मेयर नवीन जैन ने पार्षद अमित ग्वाला के इस प्रस्ताव पर वोटिंग कराई, जिसमें बहुमत से वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया गया।
विज्ञापन
नगर निगम के अधिवेशन में हुआ हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा नगर निगम के आखिरी अधिवेशन में भी हंगामा हुआ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर की प्रतिमा धूलियागंज चौराहे पर लगाने और गली-मोहल्लों में 15 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी होने पर पार्षदों ने हंगामा किया। हालांकि वोटिंग कराने पर प्रतिमा के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। वहीं मेयर ने नगर आयुक्त को अभियान चलाकर स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए।

विज्ञापन


नगर निगम सदन में बुधवार को वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव लाया गया। सपा और बसपा के पार्षदों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। जवाब में भाजपा पार्षदों ने वीर सावरकर अमर रहें, के नारे लगाए। 

टकराव देख मेयर नवीन जैन ने पार्षद अमित ग्वाला के इस प्रस्ताव पर वोटिंग कराई, जिसमें बहुमत से वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया गया। स्ट्रीट लाइटों, गृहकर और विज्ञापन कर के बारे में पार्षद रवि माथुर, राकेश जैन, उमेश पेरवानी, गुड्डू राठौर, शरद चौहान, महेश संवेदी, जरीना बेगम, अनुराग चतुर्वेदी, रवि शर्मा, अनीता खरे, बंटी माहौर आदि ने शिकायत की। 

विज्ञापन

काम न करने वालों को बदलें

मेयर नवीन जैन ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था बेहद खराब है। नगर आयुक्त अभियान चलाकर हर कॉलोनी की लाइटों को ठीक कराएं। कोई अधिकारी काम न करे तो उसे बदलें, अच्छे अधिकारी लाएं। काम ज्यादा है तो उसके प्रभार कम करें। सदन ने नगर आयुक्त को ये अधिकार दिए हैं। चुनाव से पहले सफाई और स्ट्रीट लाइट में सुधार होना चाहिए। 

नाला निर्माण पर खर्च होंगे 15 करोड़

अधिवेशन में 1050 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पेश किया गया। पार्षद प्रकाश केसवानी ने नालों के टूटे होने, क्षमता वृद्धि के लिए सालाना बजट 7 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ करने का प्रस्ताव रखा। मेयर ने इसे 15 करोड़ कर दिया। नगर निगम निधि से 7 करोड़ के बजट में अब तक 2.90 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। पुनरीक्षित बजट में इसके अलावा कई संशोधन किए गए। 

इसमें नगर निगम निधि से शौचालयों पर 2 करोड़ की जगह 4 करोड़, पार्क पर 3 करोड़ की जगह 7 करोड़, स्ट्रीट लाइट पर 5 करोड़ की जगह 8 करोड़, डीजल-सीएनजी खर्च 22 करोड़ की जगह 26 करोड़, निर्माण विभाग के 12 करोड़ के प्रस्ताव घटाकर 7 करोड़ करने को मंजूरी दी गई। पशुपालन एवं खुराक पर 5 लाख की जगह 2.50 करोड़, स्वच्छ भारत में 20 करोड़ की जगह 30 करोड़, पथकर निधि प्रस्ताव 5 करोड़ की जगह 10 करोड़ किया गया। 
विज्ञापन

फोटो सेशन के साथ विदाई

बजट अधिवेशन से पहले मेयर, नगर आयुक्त के साथ पार्षदों का फोटो सेशन किया गया। शाम को पार्षदों की विदाई की गई। माला के साथ उन्हें बैग और तस्वीर भेंट की गई। विदाई के दौरान कई पार्षद बेहद भावुक नजर आए तो कइयों ने दोबारा लौटकर आने का दावा किया।

विपक्षी पार्षद बोले- लौटकर आएं मेयर

लोकसभा चुनाव से पहले जिस तरह संसद में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लौटकर आने की कामना की थी, उसी तरह दलगत राजनीति से हटकर विपक्षी पार्षदों ने मेयर नवीन जैन को फिर से मेयर के रूप में लौटकर आने की कामना की। 

 बसपा पार्षद जरीना बेगम ने कहा कि भेदभाव के बिना उनके क्षेत्र में विकास कार्य हुए। वह चाहती हैं कि नए बोर्ड में मेयर वापस लौटें। इसी तरह बसपा पार्षद बृजमोहन, मोहन सिंह, प्रकाश केसवानी, फौरन सिंह आदि ने विकास कार्य गिनाते हुए कहा कि ज्यादातर पार्षद और मेयर अगले सदन में लौटें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें