अमांपुर। कस्बा के इफको केंद्र पर शनिवार को डीएपी आने की जानकारी मिलते ही खाद लेने के लिए किसानों को भीड़ लग गई। हालांकि सभी किसानों को खाद नहीं मिल सकी। उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा। फसल की बुवाई का सीजन शुरू हो चुका हैं, इस समय गेहूं, सरसों, आलू, मटर आदि की फसलों की बुवाई का सीजन हैं। इस दाौरान किसानों को डीएपी की कमी के संकट से भी जूझना पड़ रहा है। वे खाद के लिए एक समिति से दूसरी समिति के चक्कर लगा रहे है लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही हैं। अमांपुर इफको केंद्र पर डीएपी लेने के लिए शनिवार को किसानों की भीड़ लगी रही। घंटों तक लाइन में लगे रहने के बाद भी अधिकांश किसानों को डीएपी नहीं मिल सकी। इसके कारण उन्हें बगैर खाद लिए ही लौटना पड़ा। ऐसा अक्सर हो रहा। कई किसानों को तो घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। इससे किसान परेशान हैं। क्षेत्रीय सहकारी समिति सचिव दिनेश कुमार ने कहा कि किसान परेशान नहीं हों। खाद की कोई कमी नहीं है, सभी को पर्याप्त मात्रा में खाद मिलेगी।