उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार को पिनाहट थाना क्षेत्र में दो जगह विवाद हो गया। एक घटना में अश्लील गाना चलाने का विरोध करने पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। वहीं दूसरी घटना पर जमान के विवाद में एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके जानकारी जुटाई है।
अश्लील गाना चलाने का विरोध करने पर किया हमला
पिनाहट। पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव गोपालपुरा में ईंट भट्ठे पर अश्लील गाना चलाने का विरोध करने पर दबंगों ने युवती के परिजन पर हमला कर दिया। इससे युवती का एक रिश्तेदार घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र के एक गांव की युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व शाम को पास के ईंट भट्ठे पर काम करने वाले शाहरुख एवं डमरु लोगों ने अश्लील गाना चलाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवती और उसके परिजन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। डंडे के हमले में उसके जीजा घायल हो गए। बीच बचाव करने पर पीड़िता की भी पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जमीन के विवाद में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
पिनाहट। क्योरी बीच का पुरा गांव में जमीन पर पानी भर देने के विरोध पर पड़ोसियों ने युवक पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। गांव के पवन (35) का आरोप है कि घर के पीछे उनकी निजी जमीन पड़ी हुई है। पड़ोसी ने पानी छोड़ दिया। जिसका विरोध करने पर पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले से वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी है।
बंदर के हमले से वृद्धा छत से गिरी, घायल
पिनाहट। कस्बे के मोहल्ला नयापुरा में छत पर बैठी वृद्धा शनिवार की सुबह बंदर के हमले में छत से नीचे गिरकर घायल गो गई। वृद्धा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बा के मोहल्ला नयापुरा निवासी पांचों देवी पत्नी तोताराम शनिवार की सुबह छत पर बैठी थी, तभी बंदरों का झुंड आ गया। भगाने की कोशिश में एक बंदर उन्हें काटने दौड़ा। इस दौरान भागने की कोशिश में पांचो देवी छत से नीचे आ गिरीं और घायल हो गईं। चीखे सुनकर परिजन दौड़े। घरवाले उन्हें लेकर सीएचसी पिनाहट पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया।
दो बाइकों की टक्कर में तीन घायल
पिनाहट। क्षेत्र के भदरौली तिराहे पर शनिवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी पिनाहट पर भर्ती कराया गया। घायलों में नेमीचंद (25), पत्नी मनीषा देवी (23) और दूसरी बाइक पर सवार रामू (30) निवासी क्योरीपुरा है। नेमीचंद ने बताया कि वह पत्नी को दवा दिलाने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
पेड़ पर फंदे से लटकता मिला युवक का शव
पिनाहट। मंसुखपुरा थाना क्षेत्र के सेहा गांव के एक युवक का शव संदिग्ध हालात में शनिवार को पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। सुबह गांव के लोगों ने अवधेश (32) शव गांव के पास ही फंदे से लटकता देखे तो सन्न रह गए। सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पेड़ से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में युवक के आत्महत्या कर लेने की चर्चा है। पर, परिजन कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम को युवक का अंतिम संस्कार भी गर दिया गया।