मैनपुरी। शासन ने एक सप्ताह पहले जिले में तैनात छह ग्राम पंचायत अधिकारियों को सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत के पद पर पदोन्नत कर नई तैनाती का आदेश जारी किया था। इन्हें सोमवार को सीडीओ ने कार्यमुक्त कर दिया। इससे 20 से अधिक ग्राम पंचायत रिक्त हो गई हैं।
सात जुलाई को निदेशक पंचायती राज की ओर से जारी आदेश में छह ग्राम पंचायत अधिकारी रामबरन सिंह, सुनील कुमार मिश्रा, मनोज कुमार गुप्ता, अरुण कुमार यादव, राजीव कुमार दुबे और अश्वनी कुमार को पदोन्नति दी गई। इनमें रामबरन सिंह, सुनील कुमार मिश्रा और मनोज कुमार गुप्ता को कानपुर देहात और अन्य को झांसी में तैनाती दी गई है। सीडीओ विनोद कुमार ने बताया कि सभी को कार्यमुक्त कर संबंधित ब्लॉक के एडीओ पंचायत को कार्यभार सौंपने के आदेश दिए हैं। पदोन्नत अधिकारियों को हाल में क्लस्टर के माध्यम से ग्राम पंचायतों का आवंटन किया गया था। अब उनके स्थानांतरण से लगभग 20 ग्राम पंचायतें खाली हो गई हैं।