सिढ़पुरा। सात माह पूर्व दुबई में नौकरी के लिए गए युवक का आठ दिन पहले से संपर्क कट गया। परिवार के लोग व युवक की पत्नी युवक को फोन लगा रहे थे, लेकिन बातचीत नहीं हो पा रही थी, जिससे परिवार के लोग तरह तरह की आशंकाओं से घिरे हुए थे। परिजनों ने इस संबंध में दूतावास और पीएमओ को जानकारी दी। इसके बाद आव्रजन विभाग के मेल से परिवार के लोगों को युवक के अवीर आव्रजन निर्वासन केंद्र के हिरासत में होने की जानकारी मिली। वहीं मेल में बताया गया कि शीघ्र ही युवक को यात्रा दस्तावेज तैयार कर भारत भेजा जाएगा। इसके बाद से परिवार के लोग राहत में है।
क्षेत्र के रामनगर गांव का युवक उपेंद्र जुलाई वर्ष 2023 में नौकरी के लिए दुबई अपने दोस्त बंटी के साथ गया था। उपेंद्र वहीं किसी प्लांट में काम कर रहा था। युवक की मां रामसुमरनी, पत्नी प्रीती रोज उपेंद्र से बात करतीं थीं, लेकिन उपेंद्र से अंतिम बार 8 जनवरी को बात हुई। उसके बाद परिवार से उपेंद्र का संपर्क कट गया। संपर्क कट जाने के बाद परिवार के लोग चिंतित हो गए और तरह तरह की आशंकाओं से घिरने लगे। उसके बाद दो दिन पूर्व युवक से संपर्क टूट जाने के बारे में पीएमओ और दूतावास को जानकारी दी गई। इसके बाद युवक के आव्रजन निर्वासन केंद्र की हिरासत में होने की बात सामने आई। युवक के बारे में जानकारी मिलने से परिवार को राहत मिली है। परिजनों के मुताबिक वीजा अवधि पूरी होने के बाद उसे निर्वासन केंद्र में हिरासत में लिया गया। चाचा आनंद पाल, मां रामसुमरनी ने बताया कि यात्रा के दस्तावेज जारी होने पर वह वापस भारत आ जाएगा।