आगरा। देवरी रोड स्थित मंगल बाजार में सड़क पर लगाई गईं दुकानों और ठेलों के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को कार्रवाई की। सड़क और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और सड़क से अस्थायी दुकानों को हटवाया। दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर दुकानें न लगाने की चेतावनी दी गई, अन्यथा जुर्माना और सामान जब्ती की कार्रवाई की बात कही गई। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी दिक्कत हो रही थी।