मैनपुरी। घर में अगर शादी हो तो रौनक देखती ही बनती है। 434 जोड़ों ने शुक्रवार को जब नुमाइश पंडाल में एक दूजे का हाथ थामा तो पंडाल का हर कोना खुशियों से चहक उठा। पहले जमकर शहनाई बजी और फिर प्रशासन ने आशीर्वाद और तोहफे देकर बेटियों को विदाई भी की।
ये नाजारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित विवाह समारोह का था। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित समारोह में कुल 434 जोड़ों का विवाह कराया गया। भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, एसपी विनोद कुमार, सीडीओ नेहा बंधु, एडीएम रामजी मिश्र और भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी समेत पूरा प्रशासन इस पल का साक्षी बना। सभी ने पहले घराती बनकर जोड़ों का स्वागत किया तो वहीं बराती बनकर नवदंपती को आशीर्वाद भी दिया। बैंड-बाजों के धुनों पर नवदंपती के परिजन खूब झूमे। जमकर शहनाई बजी और विवाह की रस्में पूरी की गईं। बाद में प्रशासन ने सभी बेटियाें को योजना के तहत मिलने वाला सामान और सुखी जीवन का आशीर्वाद देकर विदा किया।
इस पूरे आयोजन में प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपये सरकार ने खर्च किया। इसमें 35 हजार रुपये बेटी के खाते में भेजने के साथ ही 10 हजार रुपये का सामान भी गृहस्थी के लिए दिया गया। वहीं 6 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए गए। इस दौरान भाजपा बृज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, पीडी डीआरडीए सतेंद्र सिंह, बीएसए दीपिका गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक मिश्रा समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
एक तरफ हुए फेरे, दूसरी तरफ हुईं निकाह की रस्में
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में सर्वधर्म सद्भाव की बेहतर झलक देखनी को मिली। कुल 434 जोड़ों में से 414 जोड़ों का हिंदू रीति रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने अग्नि के फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन दिया। वहीं 20 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह की रस्में निभाई। उन्होंने एक दूजे को कुबूल कर साथ निभाने का वादा किया।