27एमएनपी-40- शीतला माता का विग्रह
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी में मां शीतला देवी मंदिर का 25 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण होगा। मंदिर में भक्तों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही सुरक्षा का भी ख्याल रखा जाएगा। कलक्ट्रेट में डीएम की मौजूदगी में कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के आर्किटेक्ट द्वारा नक्शा प्रस्तुत किया गया।
25 एकड़ में कराया जाएगा विस्तार
डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि मंदिर का 25 एकड़ में विस्तार कराया जाएगा। बुधवार को आर्किटेक्ट ने राजा साहब के उत्तराधिकारियों, मंदिर के पुजारियों आदि लोगों की उपस्थित में मंदिर का नक्शा प्रस्तुत किया। इस दौरान राजा साहब के वंशज यशदीप सिंह, आदित्य सिंह, सीडीओ विनोद कुमार, एसडीएम रामजी मिश्र, पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा, कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के जनरल मैनेजर अवधेश शर्मा, आर्किटेक्ट राहुल जादौन उपस्थित रहे।
इस तरह होगा मंदिर का स्वरूप
मंदिर परिसर में दो हवन कुंड बनेंगे, जिसमें एक शतचंडी महायज्ञ के लिए होगा। दूसरे हवन कुंड में आमजन यज्ञ कर सकेंगे। संतों के लिए रुकने की व्यवस्था रहेगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मंदिर की ओर जाने वाले दोनों मार्गों पर पक्की दुकानों के निर्माण होगा। कुरावली रोड से मंदिर तक जाने वाले मार्ग और देवी रोड श्रीदेवी मेला के मुख्य द्वार से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते के चौड़ीकरण के साथ-साथ दोनों और भव्य लाइटें लगाई जाएंगी।
542 वर्ष पुराना है शीतला देवी मंदिर
मैनपुरी के उत्तरी छोर पर स्थित मां शीतला देवी मंदिर लगभग 542 साल पुराना है। यहां हर साल चैत्र और शारदीय नवरात्र पर भक्तों की भीड़ उमड़ती है। शीतला धाम स्थित काली माता मंदिर के महंत गीतमदास ने बताया कि 11वें महाराज जगतमन देवजू मैनपुरी के सिंहासन पर वर्ष 1478 में बैठे थे। उन्होंने मैनपुरी-कुरावली रोड पर मां आद्या शक्ति की मूर्ति को विराजमान कराने के लिए भव्य मंदिर का निर्माण कराया। बताते हैं कि 16वीं शताब्दी में जनपद एवं आसपास के स्थलों में बड़ी चेचक और खसरे का गंभीर प्रकोप हुआ तो मां आदि शक्ति की ख्याति के कारण जनसमुदाय ने देवी मां का जप और आराधना की। यह रोग उनकी भस्म और असीम कृपा से दूर हो गया।