शिकोहाबाद कस्बा में पहले एक युवती को प्यार में फंसाया और बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला तो युवक ने इनकार कर दिया।
इस बीच युवती गर्भवती हो गई। युवती ने आरोपी युवक और उसके दो भाइयों पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फरिहा थाना क्षेत्र की एक युवती नगर की एक कॉलोनी में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी बीच मोहल्ले में ही रहने वाले एक युवक से दोस्ती हो गई। आरोप है कि युवक ने नाम बदलकर उसे प्यार में फंसाया और उससे नजदीकी बनाई। बाद में युवक ने युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि युवक उससे विगत एक साल से शारीरिक संबंध बना रहा था। कुछ दिन बाद दूसरे मोहल्ले में कमरा किराये पर लेकर उसके साथ रहने लगा।
जब युवती दो माह की गर्भवती हो गई तो उसने युवक से शादी के लिए कहा। युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया और उससे गर्भपात कराने को कहा। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पीड़िता की तहरीर पर शिवम उर्फ राशिद के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा और उसके भाई राजू और शानू पुत्र आजाद के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।