फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में शनिवार की शाम 10 वर्षीय बालिका के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने बालिका का परीक्षण कराया है, वहीं आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना जसराना क्षेत्र के एक गांव निवासी दस वर्षीय बालिका के माता-पिता शाम को खेत पर बकरियां चराने गए थे। घर पर अकेला देखकर युवक अमरपाल सिंह बालिका को फुसलाकर खेत की ओर ले गया।
आरोप है कि बालिका के साथ दुष्कर्म किया और खेत में छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंचकर बालिका ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने रविवार सुबह थाना जसराना पुलिस को घटना की तहरीर दी।
सीओ जसराना ओपी सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक जसराना गिरीशचंद्र गौतम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। पुलिस ने आरोपी अमरपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीओ जसराना ओपी सिंह ने कहा कि दस वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।