कासगंज। मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेन में किन्नर यात्रियों को परेशान कर रहे थे। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने उन्हें हिरासत में ले लिया। किन्नरों के खिलाफ आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की कार्रवाई की है।जंक्शन पर आने जाने वाली ट्रेनों में किन्नर यात्रियों से रुपये मांगते थे। रुपये न मिलने पर उन्हें परेशान करते थे। इसकी शिकायत पूर्व में यात्रियों ने आरपीएफ से की। सूचना पर आरपीएफ सतर्क हो गई। बुधवार की शाम लगभग 5:30 बजे मथुरा की ओर जा रही ट्रेन संख्या 05423 में सवार होने के लिए अहरौली फाटक के पास किन्नर खड़े हुए थे। सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट कमांडर राम प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अपना नाम मोनिका, अंकिता, सिमरन, शिवानी, परी, सोनिया तथा सोना निवासी मथुरा बताया। पोस्ट कमांडर आरपी सिंह ने बताया कि वह रेलगाड़ी में यात्रियों से पैसे मांगते हैं। उनके विरुद्ध रेलवे एक्ट में कार्रवाई की है। सभी किन्नरों को रेलवे न्यायालय फतेहगढ़ में पेश किया जाएगा।