पटियाली। तहसील क्षेत्र के गांव बड़ौला की गोशाला में रविवार की शाम कुछ गोवंश बीमार पड़ गए। थोड़ी देर बाद इनमें से सात मर गए। वहीं कई अन्य गोवंश की हालत गंभीर बनी हुई थी। जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सकों की टीम ने गोशाला पहुंचकर उनका उपचार किया। सूचना मिलने पर एसडीएम पटियाली भी मौके पर पहुंच गए। गोवंशों के मरने का कारण जानने के लिए शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।गांव बड़ौला की गोशाला में वर्तमान में करीब 250 गोवंश संरक्षित किए जा रहे हैं। रविवार की शाम करीब छह बजे चारा खाने के बाद अचानक ही कुछ गोवंश की हालत बिगड़ गई। गोशाला संचालकों ने एसडीएम व पशु चिकित्सकों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सकों की टीम गोशाला पहुंच गई और बीमार गोवंश का उपचार शुरू कर दिया। हालांकि इसके बाद भी सात गोवंश मर गए। वहीं करीब 10 गोवंश बीमार थे। इनका डॉक्टरों ने उपचार किया। जानकारी मिलने पर एसडीएम पटियाली कुलदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पशु चिकित्सकों की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसडीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि गोवंश के बीमार होने की जानकारी मिली थी। सात गोवंश मर गए हैं। अन्य बीमार गोवंश का उपचार चल रहा है। प्रथम दृष्टया गोवंश के मरने का कारण जहरीला चारा खाना बताया जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए गोवंश का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।