कासगंज। संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों कासगंज, सहावर एवं पटियाली में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता की समस्याओं व शिकायतों को सुना और निस्तारण का भरोसा दिया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत 63 प्रार्थना पत्रों से 7 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।सीडीओ सचिन की अध्यक्षता में तहसील सहावर के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 15 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। सीडीओ ने फरियादियों की समस्यायें, शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनकर उनके शीघ्र निस्तारण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं सदर तहसील के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, चकरोड, आपसी विवाद, उत्पीड़न, मारपीट, पैमाइश कराने एवं विद्युत प्रकरणों आदि से संबंधित कुल 31 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। इनमें से 5 मौके पर ही निस्तारित कर दिए गए। तहसील पटियाली के सभागार में उपजिलाधिकारी पटियाली कुलदीप सिंह तथा विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जनता की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जिसमें कुल 17 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिनमें से 2 मौके पर ही निस्तारित कर दिए गए।