फोटो43सुन्नगढ़ी-भीकमपुर मार्ग पर जाम लगा रहे लोगों को समझाती सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ।संवाद
गंजडुंडवारा। सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव नगला वजीर से चार दिन पहले लापता हुए युवक का शव शुक्रवार की सुबह बूढ़ी गंगा में उतराता मिला। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को आक्रोशित परिजन ने पुलिस पर हत्या के आरोप का मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए सुन्नगढ़ी-भीकमपुर मार्ग जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सात आरोपियों पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। गांव नगला वजीर निवासी लाल मियां (30) पुत्र समीम का शव शुक्रवार की सुबह अहमद नगर में बूढ़ी गंगा में उतराता मिला था।पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को परिजन उसका शव लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित परिजन ने पुलिस पर मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए सुन्नगढ़ी-भीकमपुर मार्ग पर देर शाम 6:30 बजे शव रखकर जाम लगा दिया। आक्रोशित परिजन के जाम लगाने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के काफी समझाने पर उन्होंने जाम नहीं खोला। जाम लगने से राहगीर परेशान रहे। परिजन एफआईआर की कॉपी की मांग रहे थे। जानकारी मिलने पर सहावर सीओ शाहिदा नसरीन मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मृतक लाल मियां के भाई चांद मियां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ओमकार, मुकेश, देव सिंह, राजवीर, टैनी, दाताराम और अमरमशी पर मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ ने बताया कि युवक की मौत के मामले में 7 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। चांद मियां ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनका भाई लाल मियां बुधवार की दोपहर 2 बजे घर से गांव नगला वजीर में खाद लगाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उसका नंबर स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद भाई की तलाश शुरू की तो उसकी चप्पल और खून से लथपथ अंगोछा बूढ़ी गंगा के पास मक्का के खेत में मिला। बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोगों ने उसे बताया कि लाल मियां को बुधवार की शाम 7 आरोपियों के साथ देखा था। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए शुक्रवार को पुलिस की मदद से बूढ़ी गंगा में तलाश शुरू की तो उसकी लाश बरामद हो गई। इसके अलावा पास में बाइक, मोबाइल और लोहे के तार का गुच्छा भी बरामद हुआ। चांद मियां का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है।