कासगंज। लोक सेवा आयोग द्वारा अधीनस्थ शिक्षा सेवा के तहत प्रवक्ता के पद पर की गई शिक्षकों की भर्ती में जिला के राजकीय विद्यालयों को 32 प्रवक्ता आवंटित हुए हैं। इन शिक्षकों की नियुक्ति हो जाने से जिले की माध्यमिक शिक्षा अब बेहतर हो जाएगी। शासन से माध्यमिक शिक्षा विभाग को नए प्रवक्ताओं की सूची प्राप्त हो गई है।
जिले में पांच पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज संचालित हैं। इन कॉलेजों में प्रवक्ताओं के पद रिक्त होने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इन कॉलेजों में हिंदी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, भूगोल आदि महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता नहीं हैं। लोकसेवा आयोग से जो नए प्रवक्ताओं का चयन किया गया उनको रविवार को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया था। जिसमें से जनपद के पं. दीन दयाल राजकीय इंटर कॉलेज अलादीनपुर सहावर को सबसे अधिक आठ प्रवक्ता मिले हैं। इसके अलावा टिंबरपुर सोरों, भरगैन पटियाली, लभेड गंजडुंडवारा को छह - छह एवं थरा चीतरा अमांपुर को चार प्रवक्ता मिले हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज एवं राजकीय इंटर कॉलेज पटियाली को एक एक प्रवक्ता मिला है।
जिले के राजकीय विद्यालयों का 32 प्रवक्ता मिले है। इन्हें 15 दिन के भीतर आवंटित विद्यालय में अपनी ज्वाइनिंग लेनी है।
-एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक