कासगंज। बहन को गोली मारकर हत्या किए जाने के प्रयास करने वाले भाइयों और रिश्ते के मामा की तलाश में पुलिस ने नोएडा में दस्तक दी है। आरोपियों की लोकेशन बार-बार बदलने पर उनकी गिरफ्तारी के लिए नोएडा में डेरा डाला है। पुलिस ने उनके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश भी दी है। पुलिस का कहना है कि तलाश जारी है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नोएडा के सोरखा की एक रितिका के दीपक नाम के युवक से प्रेम-प्रसंग था। वह उसके साथ शादी करना चाहती थी। मामले की जानकारी पर परिजन उससे नाराज थे। 3 मार्च की देर शाम मां से कहासुनी होने पर युवती ननिहाल चली गई। उसे वापस लेने के लिए उसका भाई नितिन, मौसेरा भाई गोलू और रिश्ते का मामा पवन उसे घर वापस लाने की कहकर कार में बैठाकर कासगंज हजारा नहर की ओर ले आए। 4 मार्च की सुबह हजारा नहर के समीप कार से उतार कर उसे जान से मारने की नियत से गोली मार दी और धक्का दे दिया। युवती जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर रोड पर आ गई। एक कैंटर चालक से लिफ्ट लेकर ढोलना थाना पहुंची। उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। युवती ने मंगलवार को भाई नितिन, गोलू और रिश्ते के मामा पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम नोएडा पहुंची है। आरोपियों की लोकेशन बार-बार बदल रही है। पुलिस की टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।