दन्नाहार। थाना क्षेत्र स्थित लोअर गंग नहर में मंगलवार को एसडीआरएफ ने मोटरबोट से डूबे हुए छात्र की तलाश की। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं लग सका। छात्र के न मिलने से परिजन परेशान हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। थाना घिरोर क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी 11वीं कक्षा के छात्र विंकल ने सोमवार सुबह नहर पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद लोअर गंग नहर में छलांग लगा दी थी। स्थानीय पुलिस व गोताखोर शाम तक तलाश करते रहे, मगर कोई पता नहीं लग सका था। परिजन ने बताया कि बड़े भाई की डांट से नाराज होकर विंकल गुस्से में नहर में कूद गया। मौके पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने परिजन से जानकारी ली थी। मंगलवार को तलाश के लिए दन्नाहार पहुंची एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ नहर में तलाश की। विंकल के दूसरे दिन भी न मिलने से परिजन मायूस हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।