मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग के को-लोकेटेड विद्यालयों में बुधवार को भर्ती किए गए ईसीसीई एजुकेटरों को विद्यालय आवंटन कर दिया गया। जिले के 106 विद्यालयों के लिए ईसीसीई एजुकेटरों को आउट सोर्सिंग के माध्यम से चयनित किया गया है। बृहस्पतिवार को विद्यालय आवंटन के बाद कई ईसीसीई एजुकेटर ने विद्यालयों में पहुंचकर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। बेसिक शिक्षा विभाग में तैनाती के लिए 106 ईसीसीई एजुकेटर का चयन हुआ है। 100 अन्य एजुकेटरों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। चयनित हुए 106 एजुकेटरों को विकास भवन के आंबेडकर सभागार में विद्यालय आवंटन के लिए बुलाया गया। सीडीओ नेहा बंधु के दिशा निर्देशन में बीएसए दीपिका गुप्ता ने अपने सामने विद्यालयों का आवंटन कराया। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में एजुकेटरों को कटऑफ के तहत विद्यालय चुनने का मौका दिया गया। सबसे पहले एजुकेटरों में शहरी क्षेत्र और शहर के आसपास 5 किमी दायरे में के विद्यालयों को लेने की होड़ दिखी। मेरिट के आधार पर विद्यालयों का आवंटन कराया गया। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि 106 एजुकेटरों को बुलाया गया था। इसमें 99 ईसीसीई एजुकेटर ने उपस्थित होकर विद्यालय चुना। 7 ईसीसीई एजुकेटर अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश, कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अनुभव सिंह, डीसी प्रशिक्षण पुष्पेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।