स्कूल वैन और कार की भिड़ंत में छात्रा सहित पांच घायल
मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया, करहल क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। सैफई बाईपास मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर एक स्कूल वैन की सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक छात्रा सहित पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया।
कस्बा के सेंट एसएसएम जूनियर हाईस्कूल की वैन छुट्टी होने के बाद बच्चों को छोड़ने के लिए गांव गंभीरा की ओर जा रही थी। वैन में 10-15 छात्र-छात्राएं सवार थे। वैन जब सैफई बाईपास मार्ग पर सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूल वैन में सवार छात्रा रीता (16) निवासी गंभीरा, शिक्षिका नेहा निवासी एमनपुर, चालक दीपू निवासी मढ़ापुर और कार सवार सरिता सिंह निवासी अलीगढ़ और साहब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। वाहनों से घायलों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया।