कासगंज। जिले के 12 हजार छात्रों की छात्रवृत्ति पर संकट मंडरा रहा है। आवेदन के समय की गई गलती की वजह से उनके आवेदन संदिग्ध श्रेणी में डाल दिए गए हैं। समाज कल्याण विभाग ने विद्यालयों को डाटा सही करने का बुधवार तक का समय दिया है। शासन से दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत सामान्य जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति व अल्पसंख्यक छात्रों को योजना का लाभ दिया जाता है। इस योजना के तहत कक्षा 11, 12 व उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षारत छात्र अपने आवेदन करते हैं। छात्राें से ऑनलाइन आवेदन कराए गए। इनमें 12973 छात्राें ने आवेदन करते समय गलती कर दी। इनमें सबसे अधिक 10089 छात्र उच्च शिक्षण संस्थानों के हैं। छात्र योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे इसके लिए आवेदन में सुधार करने का मौका दिया गया है। संस्थान बुधवार तक संशोधन के बाद डाटा को समाज कल्याण विभाग के कार्यालय पर उपलब्ध करा सकेंगे।