कासगंज। जनपद न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 जुलाई को होगा। इस संबंध में न्यायिक अधिकारियों की बैठक की गई। जिसमें अधिक से अधिक वादों को लोक अदालत के लिए नियत किए जाने पर चर्चा की गई। प्रथम अपर जिला जज अनुतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कहा कि एनआई एक्ट एवं ई-चालान, आपराधिक शमनीय वादों एवं न्यायालयों में लंबित वादों में से चिन्हांकित वादों को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारित करने लोक अदालत में शामिल कराएं। वहीं एनआईएक्ट एवं ई-चालान के वादों एवं आपराधिक शमनीय वादों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने व सिविल वादों को विशेष लोक अदालत में निस्तारित कराए जा सकते हैं। अपर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव विजय कुमार तृतीय ने बताया कि विशेष लोक अदालत 11 व 12 जुलाई को होगी। 13 जुलाई को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर वाद निस्तारित होंगे। उन्होंने सभी से वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वादों के निस्तारण की अपील की।