कासगंज। ग्राम पंचायत दरियावगंज के सचिव वित्तीय अनियमितता में फंसे गए हैं। बिना कार्य कराए ही सचिव ने दो फर्मों के खाते में 43 लाख से अधिक की धनराशि हस्तांतरित कर दी। जिलाधिकारी ने शिकायत के बाद सचिव को निलंबित कर केस दर्ज करने का निर्देश दिया है।
ग्राम पंचायत के दरियावगंज के 8 सदस्यों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी से बिना कार्य कराए ही पंचायत के 4337000 रुपये की धनराशि में से 3829000 रुपये राजेश एंटरप्राइजेज फर्म के खाते में, 508000 रुपये पवन कुमार निवासी थाना गांव के खाते में ट्रांसफर कर दिए जाने की शिकायत की। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद विभाग ने दोनों फर्मों से यह धनराशि ग्राम पंचायत के खाते में वापस ले ली। मामला सही पाए जाने के बाद डीएम ने सचिव को निलंबित करने के आदेश दिए। इस आदेश के बाद डीपीआरओ ने सचिव को निलंबित कर दिया है। जिला पंचायतराज अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सचिव के द्वारा प्रधान के डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से जो धनराशि दो फर्मों को हस्तांतरित की गई थी उसे वापस लेकर जिलाधिकारी के आदेश पर सचिव को निलंबित कर दिया गया है।