सोरोंजी। वराह भगवान ट्रस्ट की ओर से मथुरा-बरेली राजमार्ग पर वराह मंदिर की भूमि पर शनिवार से सत्संग भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। वराह मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोशानंद गिरि ने सत्संग भवन की आधारशिला रखी। आधारशिला रखने से पूर्व विधि-विधान पूर्वक पूजन किया गया।
आचार्यगण नरेश त्रिगुणायत, बंशीधर द्विवेदी, लालो शास्त्री ने वैदिक मंत्र उच्चारित करते हुए पूजन कराया। ट्रस्ट की 1.138 हेक्टेयर भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोष नंद गिरी ने बताया कि सत्संग भवन के विशाल हॉल के मुख्य द्वार के दाएं-बाएं आगे की ओर दुकानों का निर्माण, ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग, सत्संग भवन के ऊपर श्रद्धालुओं के रुकने के लिए कमरों का निर्माण कराया जाएगा। इस भवन का प्रयोग सामाजिक, धार्मिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा। इसके निर्माण में चार करोड़ की लागत आएगी। एक वर्ष में यह भवन बनकर तैयार होगा। इस दौरान सतीश भारद्वाज, गोविंद महेरे, विकास निर्भय, नितिन पचौरी, संजय उपाध्याय, भोलाशंकर चौधरी, मानवेंद्र गिरी, हेमंत पंडित आदि मौजूद रहे।