आगरा। नगर निगम के सफाई कर्मी और सेनिटरी इंस्पेक्टर के बीच शुक्रवार को ताजगंज क्षेत्र में विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो वायरल होने पर नगर निगम के आला अधिकारियों ने प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं। उधर, सफाई कर्मियों ने साथी कर्मचारी से छुट्टी व ड्यूटी के लिए घूस मांगने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शनिवार को हड़ताल की चेतावनी दी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि सेनिटरी इंस्पेक्टर लकी शर्मा और सफाई नायक बॉबी वाल्मीकि का एक वीडियो संज्ञान में आया है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। नगर आयुक्त ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कर्मचारी नेता दिलीप उत्साही, पप्पन चौधरी, हरी बाबू वाल्मीकि, विनोद इलाहाबादी व अन्य ने कहा है कि अगर कर्मचारी को इंसाफ नहीं मिला तो हड़ताल की जाएगी। ब्यूरो