कासगंज। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पंद्रहवीं किस्त 15 नवंबर को जारी हो गई। यह किस्त जिले के 1.87 लाख किसानों के खातों में ही पहुंची। हालांकि 27 हजार किसान इससे वंचित रह गए हैं। इनमें ऐसे किसान शामिल हैं जिन्होंने अपने खातों की केवाईसी, एनपीसीआई (नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन आफ इंडिया) सीडिंग या भूलेख अंकन की प्रक्रिया को पूर्ण नहीं कराया।जनपद में लगभग 2.14 किसान पीएम किसान सम्मान निधि के योजना के पात्र लाभार्थी हैं। इनके खातों में सीडिंग कराने और केवाईसी कराने के लिए तहसील एवं विकास खंड स्तरों पर शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने योजना से संबंधित अपनी समस्याओं का निस्तारण कराया। किसानों को इसके लिए जागरूक भी किया गया। फिर भी 27 हजार किसान ऐसे वंचित रह गए जिनके आधार सीडिंग नहीं थे या केवाईसी नहीं हुई। इस कारण उनकी निधि की किस्त उनके खातों में नहीं पहुंची। कुछ किसान ऐसे भी हैं, जिनकी दो या तीन किस्त तो मिल चुकी हैं, लेकिन बाद में केवाईसी न होने के कारण आगामी किस्त रुक गई।