उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की बेगम सलमा अंसारी ने गुरुवार को हजरत शेख सलीम चिश्ती की मजार पर चादरपोशी कर मन्नत का धागा बांधा और शाही मस्जिद में नमाज अदा की। वे दोपहर लगभग डेढ़ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच हजरत चिश्ती की दरगाह पहुंचीं। मजार पर उन्हें गुलदस्ता भेंटकर इस्तकबाल किया गया। सलमा अंसारी काफी देर तक आंखें बंद कर हजरत चिश्ती की मजार पर सजदा करती रहीं। सज्जादानशीं के पुत्र सैफ फरीदी चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई। खादिम पूर्व चेयरमैन बदरुद्दीन कुरैशी और अनवार भाई ने उन्हें बाबा की चादर व तबर्रुख भेंट की। बाद में दरगाह परिसर स्थित शाही जामा मस्जिद में सलमा अंसारी ने नमाज अदा की और स्मारकों का अवलोकन किया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के अलावा तहसीलदार किरावली विश्वेश्वर सिंह, सीए मुनज्जर अली और एसओ लोकेंद्र सिंह मौजूद रहे।