आगरा में डौकी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी चंदन में छींटाकशी पर हुए विवाद में शनिवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट, फायरिंग हुई। हाथ में गोली लगने से एक व्यक्ति और लाठी-डंडे के हमले में चार लोग घायल हुए। इस मामले में एक पक्ष ने पांच लोगों के खिलाफ हमले की तहरीर दी है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
लाइसेंसी राइफल से फायरिंग करने का आरोप
गढ़ी चंदन निवासी बच्चू सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार की एक युवती पर गांव के ही दुष्यंत ने छींटाकशी की। इसकी शिकायत करने वह शनिवार सुबह दुष्यंत के घर गया। आरोप है कि इसके थोड़ी देर बाद ही दुष्यंत पक्ष के लोगों ने असलहा और लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। लाइसेंसी राइफल से फायरिंग भी की। हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही पुलिस
लाठी-डंडे के हमले में उनकी बेटी शिवानी, पत्नी गुड्डी देवी, पुत्र अमन और ऋषभ घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। थानाध्यक्ष डौकी बहादुर सिंह ने बताया कि बच्चू सिंह के भाई राकेश ने सिलिंडर उर्फ पप्पू, अरविंद उर्फ बंटी, प्रदीप, दुष्यंत व लवकुश के खिलाफ हमले की तहरीर दी है। हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।