आगरा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो युवकों ने 5.70 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़ित ने अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया। एसीजेएम-13 चारू केन ने थानाध्यक्ष कागारौल को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए हैं। वादी रघुवीर सिंह ने अदालत में बताया कि उनका बेटा आकाश इंदौलिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पड़ोसी प्रवीण उर्फ पिंटू ने उनकी मुलाकात राजेश बघेल से कराई। दोनों ने बेटे की पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। कई बार में उनसे 7.7 लाख रुपये और बेटे के शैक्षिक प्रमाणपत्र ले लिए। बदले में लोक निर्माण विभाग के नाम से नियुक्ति पत्र भेज दिया। बेटा नियुक्ति पत्र लेकर लखनऊ पहुंचा तो पता चला कि विभाग ने ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया है। इसके बाद नौकरी ज्वाइन कराने के नाम पर उसे मिर्जापुर, लखनऊ और बरेली समेत कई स्थानों पर घुमाया गया। तगादा करने पर केवल दो लाख रुपये लौटाए गए। संवाद