मैनपुरी। कस्बा कुरावली के मोहल्ला कौआटोला निवासी एक वृद्धा की बिना जानकारी किसी ने पेंशन खाते का डेबिट कार्ड जारी करा लिया गया। इसके बाद खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए। जानकारी होने के बाद पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला निवासी शिरोमणि देवी ने बताया कि उनका पेंशन खाता कस्बा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में है। 20 जुलाई को जब वह बैंक पहुंची और खाते के बारे में जानकारी ली। तब उन्हें पता चला कि खाते से 5 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। रुपये डेबिट कार्ड के जरिए निकाले गए हैं। जबकि उन्होंने डेबिट कार्ड जारी ही नहीं कराया है। वह जब भी बैंक जाती थीं तो मोहल्ले के ब्रजेश पाल से सभी कार्य कराती थीं। उसने कई बार कागजों पर हस्ताक्षर कराए हैं। उन्हें शक है कि ब्रजेश ने ही उनके खाते का डेबिट कार्ड जारी कराने के बाद 5 लाख रुपये निकाले हैं। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है।