कासगंज। जिले के 20 विद्यालयों में जल संचयन के लिए रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इस निर्माण कार्य पर 53.54 लाख रुपये खर्च होंगे। लघु सिंचाई विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन विद्यालयों में निर्माण कार्य शुरू कराएगा। ब्लॉक कासगंज, गंजडुंडवारा और पटियाली में पानी का अत्यधिक दोहन होने के कारण जल स्तर लगातार गिर रहा है। इसे देखते हुए लघु सिंचाई विभाग ने इन तीनों ब्लॉक क्षेत्रों के 20 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालयों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने 53.54 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन विद्यालयों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद इन विद्यालयों में बारिश के पानी का संचयन किया जा सकेगा, जिससे भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी।