बदायूं। सोमवार रात बरेली-बदायूं हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बरात में जा रहे दूल्हे के भाई की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं हैं। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी राजीव पुत्र हरिशंकर की सोमवार रात शादी थी। शाम के समय उसकी बरात बरेली में सुभाष नगर गई थी। अधिकतर लोग कार में सवार होकर बरात में चले गए लेकिन राजीव का छोटा भाई ओमपाल (20) और चचेरा भाई दुर्वेश (18) पुत्र लालसहाय पीछे से बाइक पर बरेली जा रहे थे। बताते हैं कि बरेली-बदायूं हाईवे पर ग्राम रसूलपुर के नजदीक पहुंचते ही पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनके बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में ओमपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वह किसी तरह घिसटता हुआ रसूलपुर गांव पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से पुलिस और परिवार वालों को फोन कराया। जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। युवक के शव को रात में मोर्चरी में रखवा दिया। इधर, ये खबर सुनकर परिवार वालों में हड़कंप मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। मंगलवार दोपहर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं मातमी माहौल में राजीव के फेरे डलवाये गए। युवक की लाश जब घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम को उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।