कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र में कछला मार्ग पर स्कूटी से गिरकर सेवानिवृत्त महिला स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई। हादसा अचानक सड़क पर मवेशी के आने से हुआ। जनपद संभल के डीएल कॉलोनी बहजोई निवासी बीना मित्तल (65) की मौत हुई। मृतका के पुत्र चिराग सिंघल ने बताया कि वह 21 अप्रैल को मां बीना मित्तल को लेकर ममेरे भाई राजीव की शादी में आवास विकास कॉलोनी आया था। सोमवार सुबह मां के साथ स्कूटी से घर बहजोई जा रहा था। कछला मार्ग पर नगरिया के समीप अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और मां स्कूटी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। एंबुलेंस की मदद से घायल वृद्धा को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत से शादी के रंग में पड़ा भंग
स्कूटी से गिरकर महिला बीना मित्तल की मौत हो गई । वह पुत्र के साथ अपने भाई के पुत्र राजीव की शादी समारोह में शामिल होने को कासगंज आई थी। दुलहन की विदाई भी नही हो पायी तब तक उनकी मौत की खबर मिलने से वैवाहिक कार्यक्र में रंग भंग पड़ गया। उनकी मौत की खबर सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए।
पुलिस के देरी से पहुंचने से परिजन हुए परेशान
स्कूटी से गिरकर गंभीर घायल महिला की मौत जिला अस्पताल पर हो गई। पंचनामा की कार्रवाई के लिए पुलिस के न पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। वह पुलिस के आने का इंतजार करते रहे। पुत्र चिराग ने फोन कर पुलिस के उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस पंचनामा की कार्रवाई के लिए लगभग 12 बजे पहुंची।
कार की टक्कर से बालक घायल्, अस्पताल में भर्ती
गंजडुंडवारा। गांव नगला चंदन निवासी नन्हे लाल का सात वर्षीय पुत्र रामू सोमवार दोपहर सड़क पार कर रहा था। तभी कार ने टक्कर मार दी। वह गंभीर घायल हो गया। नन्हे ने चालक के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद