कासगंज के कलेक्ट्रेट परिसर में कर्मियों व स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं से वार्त
कासगंज। चार माह से मानदेय नहीं मिलने से नगर पालिका के सैकड़ों आउटसोर्सिंग कर्मी आक्रोशित हैं। बुधवार को उनका धैर्य जवाब दे गया। उनका आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। एसडीएम सदर के साथ वार्ता और मानदेय दिलाए जाने का भरोसा मिलने के बाद उन्होंने धरना खत्म कर दिया। मानदेय नहीं मिलने से परेशान करीब ढाई से अधिक आउट सोर्स कर्मी स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी के नेतृत्व में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। का कहना था कि नगर पालिका ने चार माह से मानदेय नहीं दिया है। परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। सोनू भंडारी ने बताया कि मानदेय दिलाए जाने के लिए अधिशाषी अधिकारी एसडीएम व जिलाधिकारी को अवगत कराया। इसके बावजूद कर्मियों को मानदेय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मानदेय का भुगतान नहीं होने की स्थिति में कर्मी काम बंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान कर्मियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना-प्रदर्शन की सूचना पर सदर एसडीएम कलेक्ट्रेट पहुंच गए। उन्होंने कर्मियों से वार्ता कर उन्हें मानदेय दिलाए जाने को भरोसा दिया। इसके बाद कर्मियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। धरना में संजीव कुमार चंद्र, सुखराम, अमर, रवि कुमार, सचिन, मुकेश, रजनी शामिल रहे।