ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव कनिकपुर खिजरपुर में रविवार की रात रोटावेटर की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई थी। उक्त घटना के बाद मृतक के पुत्र ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव कनिकपुर खिजरपुर निवासी विकास कुमार ने बताया कि रविवार की शाम करीब सात बजे पिता प्रदीप कुमार शैलेश कुमार का ट्रैक्टर लेकर आए थे। उक्त ट्रैक्टर से खेत में बाजरा की फसल की बुवाई करा रहे थे। ट्रैक्टर चालक शैलेश ने लापरवाही करते हुए तेज गति से ट्रैक्टर चलाया। जिस कारण पिता प्रदीप कुमार रोटावेटर की चपेट में आ गए। उनका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही मौत हो गई। उक्त घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर वहां से भाग गया। पुलिस ने विकास की तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक शैलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व तलाश शुरू कर दी है।