कासगंज। एसपी के आदेश पर पुलिस ने एक स्टांप विक्रेता के खिलाफ फर्जी वकालत नामा बेचने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कासगंज बार एसोसिएशन के महासचिव चेतन चौहान 22 अक्तूबर 2023 काे फर्जी व कूटरचित वकालत नामा की बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद 23 अक्तूबर को न्यायालय परिसर में जानकारी की और कोर्ट में लगी फाइलों में लगे वकालतनामा चेक किए तो स्टांप विक्रेता ओमेंद्र सिंह के लाइसेंस संंख्या से स्वयं किसी अन्य व्यक्ति के सहयोग से कूटरचित वकालतनामा बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। वकालतनामा पर एसोसिएशन के महासचिव के फर्जी हस्ताक्षर एवं मोहर आदि का प्रयोग किए जाने का मामला भी सामने आया। इस जानकारी के आधार पर आरोपी स्टांप विक्रेता के खिलाफ कोतवाली पुलिस व सीओ को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें कोई कार्रवाई न होने पर एसपी को पत्र सौंपा गया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।