कासगंज। सदर तहसील क्षेत्र के गांव कुढ़ार एवं खंजीनगला प्रह्लादपुर के दो दोस्त युवकों की मौत की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। परिवार के लोगों के गले युवकों की सडक़ दुर्घटना में मौत की थ्योरी गले नहीं उतर रही। दोनों ही परिवार के लोग शनिवार को उझानी बदायूं पहुंचे। परिवार के लोगों से कहा कि दोनों की हत्या की गई है। हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की है पुलिस इसका पता लगाए। देर सायं तक दोनों के परिजन उझानी से वापस नहीं लौटे थे।19 अक्टूबर को बदायूं में फूलपुर-प्रमिलानगर संपर्क मार्ग पर कुढ़ार के युवक इंद्रपाल एवं खंजीनगला प्रह्लादपुर के हीरालाल के शव पड़े हुए मिले थे। पुलिस ने मौत का कारण दुर्घटना मानते हुए इंद्रपाल के भाई की तहरीर पर दुर्घटनाओं की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया, लेकिन अब दोनों ही परिवार के लोग मौत का कारण दुर्घटना नहीं मान रहे। उनका कहना है कि षडयंत्र पूर्वक दोनों की हत्या की गई है। शनिवार उझानी बदायूं पहुंचकर दोनों ही परिवार के लोगों ने घटना स्थल के आस पास देखा। जहां खून से सनी सरिया व अन्य सामान भी मिला। इसके बाद से परिजन पूरी तरह से हत्या की बात पर डटे हुए हैं। पुलिस से भी इस मामले की जांच पड़ताल की मांग कर रहे हैं। इंद्रपाल के भाई रक्षपाल और जयपाल सहित अन्य लोग उझानी पहुंचे। जबकि हीरालाल का पुत्र राजकुमार व अन्य परिजन पहुंचे। पुलिस ने परिवार के लोगों को जांच पड़ताल का भरोसा दिया। दोनों ही परिवारों में मौत की गुत्थी को लेकर संतुष्टि नहीं हो रही। परिवार में हर कोई हत्या की बात कर रहा है। दोनों ही परिवारों में युवक की मौत के बाद से चीत्कार बना हुआ है।