कासगंज।कक्षा नौ व 11 में ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। 10 सितंबर तक पंजीकरण हो सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की मांग पर यह तिथि बढ़ाई गई है। परिषद की कोशिश की है कि कोई भी छात्र पंजीकरण प्रक्रिया से वंचित नहीं रह जाए।जिले में 273 माध्यमिक स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में कक्षा नौ व 11 में पांच अगस्त तक प्रवेश प्रकिया पूरी की गई। कंपार्टमेंट इंप्रूवमेंट परीक्षा पास करने वाले कक्षा 10 के छात्र-छात्राओं को 20 अगस्त तक कक्षा 11 में प्रवेश का मौका दिया गया। इसके बाद भी छात्रों के पंजीकरण नहीं हो पाने की समस्या सामने आई। इस समस्या को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शासन से ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ाने की मांग की थी। शासन से अनुमति मिलने के बाद पंजीकरण शुल्क 10 सितंबर तक जमा करने का मौका विद्यालयों को दिया गया है। इसी के साथ ही छात्रों का विवरण भी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड होगा। इसके बाद विद्यालयों के प्रधानाचार्य 11 सितंबर से 13 सितंबर तक चेक लिस्ट प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि आदि की जांच करेंगे। जांच के बाद यदि कोई संशोधन होगा तो 14 सितंबर से 20 सितंबर तक किया जा सकेगा। पंजीकृत छात्र-छात्राओं की फोटो युक्त नामावली एवं कोष पत्र की प्रति 30 सितंबर तक परिषद को भेजी जा सकेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने बताया कि परिषद से पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित कर कर दी गई है। इसके साथ पंजीकरण से संबंधित नया कार्यक्रम भी जारी किया गया है। इस संबंध में विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।