फोटो16कासगंज के श्रीगणेश इंटर कॉलेज में नवप्रवर्तन प्रदर्शनी के लगाए जाने को लेकर बैठक करते स
कासगंज। जिला विज्ञान क्लब की बैठक श्री गणेश इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी की तैयारियों पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के नव प्रवर्तकों के लिए 17 सितंबर को श्री गणेश इंटर कॉलेज के सभागार में जिला स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। अधिकारी अपने-अपने विभागों के नव प्रवर्तकों का दिनांक 15 सितंबर 2025 को शाम 5 बजे तक जिला विज्ञान क्लब कार्यालय श्री गणेश इंटर कॉलेज में पंजीकरण अवश्य करा दें। जिला समन्वयक विज्ञान क्लब डॉ जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के नव प्रवर्तकों की प्रदर्शनी में मिस्त्री, कारीगर,किसान मजदूर, शिल्पकार, साधारण विद्यार्थी, नीम हकीम आदि अपने नवाचारों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। जिला विज्ञान द्वारा प्रथम विजेता प्रतिभागी को 8000 रुपये, द्वितीय को 5000 रुपये एवं तृतीय को 3000 रुपये की धनराशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त पांच विजेताओं को 2000 रुपये की सांत्वना धनराशि प्रदान की जाएगी। बैठक में उप जिलाधिकारी सुशांत सांवरे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र चंद्रभान भास्कर, जिला उद्यान अधिकारी रवि शंकर जायसवाल, डीपीआरओ देवेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।