कासगंज। गंगा नदी के जलस्तर में बृहस्पतिवार को 25 सेंटीमीटर की कमी आई। यह कमी बैराजों से पानी का डिस्चार्ज कम होने के कारण हुई है, लेकिन गंगाघाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगा का मौजूदा जलस्तर परेशानी का कारण बना हुआ है। वहीं कटान प्रभावित बरौना गांव में पानी का दबाव तटबंधों पर लगातार होने से कटान की आशंका बनी हुई है। गंगा के जलस्तर में कमी आने पर कटान तेजी से होता है। ऐसी स्थिति में सिंचाई विभाग पूरी तरह से सतर्क है और बरौना में भी निगरानी की जा रही है।बुधवार को कछला ब्रिज पर गंगा का जलस्तर 163.35 मीटर के निशान पर था, लेकिन यह जलस्तर बृहस्पतिवार को 163.10 मीटर के निशान पर आ गया। जिससे 25 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। वहीं हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा बैराजों से गंगा का डिस्चार्ज भी कम हो गया है। जिससे जलस्तर में कमी आई है, लेकिन मौजूदा जलस्तर गंगाघाटों पर श्रावण मास में गंगास्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेरशानी का कारण बना है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी से बचकर स्नान करना पड़ रहा है। थोड़ी सी लापरवाही होने पर कोई भी हादसा हो सकता है। ऐसी स्थिति को लेकर गंगाघाटों पर भी चौकसी है। वहीं कटान प्रभावित बरौना गांव में जलस्तर में कमी आने से कटान की आशंका बढ़ी है, लेकिन गंगा की धारा में परिवर्तन के कारण कटान नहीं हुआ और तटबंध सुरक्षित रहे।