कासगंज। अधिवक्ता मोहिनी तोमर हत्याकांड में सुपारी किलर सहित दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने इन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब इनकी इनाम की राशि बढ़ाने की रिपोर्ट आलाधिकारियों को भेजी गई है। बता दें कि अधिवक्ता मोहिनी तोमर हत्याकांड को आज एक माह पूरा हो चुका है। इस मामले में मोहिनी के पति ब्रजतेंद्र तोमर द्वारा नामजद कराए गए छह आरोपी पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिए थे। बाद में विवेचना के दौरान चार अन्य नाम प्रकाश में आए। इनमें सुपारी किलर सुनील उर्फ फौजी, रजत सोलंकी, बॉबी और एक युवती रेनू शामिल हैं। इनमें से बॉबी और रेनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि सुनील उर्फ फौजी और रजत सोलंकी फरार चल रहे हैं। इन पर पुलिस ने कुछ दिन पूर्व 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद भी यह पकड़ में नहीं आए हैं। अब एसपी द्वारा इन पर इनामी राशि बढ़ाए जाने की रिपोर्ट आलाधिकारियों को भेजी गई है। ताकि इन पर इनाम की राशि बढ़ाई जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि दोनों फरार चल रहे हत्यारोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाए जाने की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।