मोहल्ला रामलीला मैदान में एक घर में रावण का पुतला तैयार करते लोग
- फोटो : मोहल्ला रामलीला मैदान में एक घर में रावण का पुतला तैयार करते लोग
मैनपुरी। रामलीला मैदान पर इस बार रावण का पुतला 20 फुट ऊंचा होगा। मेघनाद और कुंभकरण के पुतले 18-18 फुट ऊंचे होंगे। दशहरा पर रावण का पुतला दहन के लिए वली मोहम्मद अपने परिवार के सदस्यों के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मोहल्ला दरीबा के रहने वाले वली मोहम्मद पुश्तैनी रूप से पुतला बनाने का काम करते हैं। पहले उनके पिता नूर मोहम्मद और बड़े भाई नूर आलम पुतला बनाने का काम करते थे। पिता की मौत के बाद वली मोहम्मद पुतला बनाने का काम करने लगे हैं। उनका कहना है कि इस बार रावण का पुतला 20 फुट ऊंचा होगा। मेघनाद और कुंभकरण के पुतले 18-18 फुट ऊंचे बनाए जाएंगे।
उनका कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। एक पुतला बनाने में सात से आठ हजार रुपये तक का खर्चा आता है। रामलीला कमेटी से जो रुपया मिलता है वह कच्चे माल की कीमत के बराबर ही होता है। पुश्तैनी काम होने के कारण जो भी कमेटी से मिलता है उसे ले लेते हैं।
शहर में अन्य स्थानों पर भी होगा दहन
राजा का बाग और पंजाबी कॉलोनी के सामने हर साल दशहरे पर रावण के पुतले का दहन किया जाता है। इस बार भी दोनों स्थानों पर आयोजकों ने रावण का पुतला दहन करने की अनुमति मांगी है। वली मोहम्मद बताते हैं कि तीन पुतले दहन के लिए पुतले बनाने में काम का दबाव रहता है। दशहरे के दिन ही रामलीला कमेटी के लोग तीनों पुतले रामलीला मैदान पर अपने वाहन से ले जाते हैं।
ताजिये भी बनाता है परिवार
वली मोहम्मद का परिवार ताजिये भी बनाता है। मोहर्रम के महीने में निकाले जाने वाले ताजियों के लिए ताजियेदार उनसे काफी पहले से संपर्क करते हैं। काम का दबाव ज्यादा होने पर रात दिन मेहनत करके ताजिये तैयार किए जाते हैं।