कासगंज। आदर्श कोटेदार उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से डीलरों ने अपनी समस्याएं रखी। डीलरों ने पानी डालकर गीला राशन उपलब्ध कराने का आरोप लगाया। मंडल अध्यक्ष सरबर हुसैन ने कहा कि राशन डीलरों के लिए वितरण के लिए जो खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, वह पानी से भीगा होता है। दुकान पर पहुंचने के बाद जब बोरे सूख जाते हैं तो वजन घट जाता है। बोरे का वजन भी नहीं दिया जा रहा। इससे डीलरों को राशन वितरण में दिक्कत होती है। ठेकेदार दुकान तक राशन नहीं पहुंचाते, इससे डीलर को अपने वाहन से दुकान तक राशन लाना पड़ता है। मध्यान भोजन योजना एवं आंगनबाड़ी केंद्र के लिए वितरित होने वाले राशन का कमीशन का भुगतान भी अब तक डीलर को नहीं दिया गया। इसके अलावा अन्य समस्याओं से भी डीलर परेशान हैं, लेकिन इनका निदान नहीं हो पा रहा। शीघ्र ही समस्याओं का निदान किया जाए।