आगरा में बोदला चौराहे पर रविवार दोपहर को एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। वह काम की तलाश में चौराहे के पास एक दुकान के बाहर बैठा हुआ था। दुकानदारों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मृतक के परिजनों को सूचना दी। आशंका है कि भीषण गर्मी की वजह राजमिस्त्री की मौत हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
काम की तलाश में बैठा था दुकान के बाहर
दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर तकरीबन एक बजे बोदला चौराहे से सौ मीटर दूर बिचपुरी मार्ग पर दुकानों के बाहर 50 वर्षीय व्यक्ति बैठा हुआ था। उसकी तबीयत खराब लगने पर एक दुकानदार ने दस रुपये दिए, कहा कि कुछ खा लेना, इसके बाद पानी पीना। दो घंटे बाद एक दुकानदार की नजर गई, तब तक उक्त व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, इस पर पुलिस को सूचना दी गई।
मथुरा का रहने वाला था राजमिस्त्री
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि मृतक की पहचान 52 वर्षीय राजवीर उर्फ महेश के रूप में हुई। सूचना पर परिजन आ गए। उन्होंने बताया कि राजवीर जगदीशपुरा क्षेत्र के शारदा विहार में किराये पर रहते थे। मूलरूप से मथुरा के कौंध के रहने वाले थे। राजमिस्त्री थे। कई दिन से बोदला चौराहे पर काम की तलाश में आ रहे थे। एक महीने पहले मां की मौत हो गई थी। रविवार को गर्मी अधिक थी। गर्मी से मौत की आशंका जाहिर की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।