बारिश में रेलवे के अंडरपास बने मुसीबत
-जलभराव से गुजरने पर जहरीले कीड़ों का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के बीच रेलवे के अधिकांश अंडरपास राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। बारिश के चलते अंडरपास में जलभराव हो गया है। अंडरपास में हुए जलभराव के बीच से पैदल गुजरने पर राहगीरों को जहरीले कीड़ों का खतरा बढ़ गया है। रेलवे अंडरपास में बारिश में होने वाले जलभराव के गंदे पानी की निकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं है।
रेलवे द्वारा जिले की सीमा में भी राहगीरों को आवागमन में सुविधा देने के लिए अंडरपास बनाए गए हैं। अंडरपास से होकर वाहन चालक और पैदल लोग गुजरते हैं। अंडरपास में जलनिकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बारिश होने पर सभी अंडरपास में जलभराव हो जाता है। ज्यादा बारिश होने पर अंडरपास में घुटनों तक पानी भर जाता है। अंडरपास में पानी भरने के बाद सबसे ज्यादा परेशानी पैदल निकलने वालों को होती है। घुटनों तक पानी भरा होने से पानी के बीच से पैदल गुजरने पर जहरीले कीडों का खतरा हमेशा बना रहता है।
जिले की सीमा में हैं 28 अंडरपास
जिले की सीमा से होकर शिकोहाबाद फर्रुखाबाद रेलवे लाइन गुजरती है। इस रेलवे लाइन पर रेलवे द्वारा शिकेाहाबाद फर्रुखाबाद के बीच जिले की सीमा में 16 अंडरपास बनाए गए हैं। जबकि मैनपुरी से इटावा जाने वाली रेलवे लाइन पर जिले की सीमा में 12 स्थानों पर अंडरपास बनाए गए हैं। बारिश होने पर जिले की सीमा के अंडरपासों में पानी भर जाता है।
दृश्य-एक, यदुवंशनगर दीवानी मार्ग
मैनपुरी फर्रुखाबाद रेलवे लाइन पर रेलवे ने राहगीरों की सुविधा के लिए नगला निरंजन के पास अंडरपास बनाया है। यह मार्ग भांवत रोड से यदुवंशनगर होते हुए दीवानी के पास कुसमरा रोड को जोड़ता है। नगर निरंजन के पास बने इस अंडरपास में लगातार होने वाली बारिश के बीच जलभराव होता है। वाहन चालकों और राहगीरों को अंडरपास से निकलने में परेशानी होती है।
दृश्य-दो, भोगांव नगला खरा मार्ग
मैनपुरी फर्रुखाबाद रेलवे लाइन पर भोगांव से नगला खरा मार्ग पर नगला खरा के पास अंडरपास बना हुआ है। अंडरपास से होकर 10 गांव के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। बारिश होने पर अंडरपास में पानी भरने से समस्या होती है। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर जलभराव हो गया है। जलभराव के चलते दो दिन से ग्रामीणों को गांव और खेत पर जाने में परेशानी हो रही है।