आगरा कैंट स्टे्शन पर यात्रियों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से केरल जाने वाली मंगला एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट के बाद भी सीट नहीं मिलने पर यात्रियों ने गाड़ी रुकवा दी। 45 मिनट तक हंगामा होता रहा। इस दौरान कई बार चेन पुलिंग हुई। आगरा रेल मंडल के अफसरों ने पहुंचकर यात्रियों को समझाया। बताया गया कि ट्रेन में स्लीपर श्रेणी का एस-8 कोच नहीं लग पाया है, जिसमें इन यात्रियों की सीट थी। उनको अन्य कोच में जगह दिए जाने के बाद ट्रेन रवाना हुई।
मंगला एक्सप्रेस सुबह 8:30 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर रुकी तो ट्रेन में सवार 40 यात्रियों के दल ने प्लेटफार्म पर उतरकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि उनका रिजर्वेशन ट्रेन के एस-8 कोच में था, लेकिन यह कोच ही नहीं लगाया गया है। सबके कन्फर्म टिकट हैं। कोच नहीं लगने से उन्हें सीट नहीं मिल रही। उन्हें दिल्ली से केरल किसी कार्यक्रम में भाग लेने जाना है।
हंगामा होने पर आरपीएफ के साथ ही स्टेशन अधीक्षक, एसीएम सहित अन्य रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ट्रेन आगे बढ़ी तो प्रदर्शन कर रहे यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। इसके बाद ट्रेन 45 मिनट तक खड़ी रही। रेल अधिकारियों ने दिल्ली रेलवे के अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया। तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ी।
डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि निजामुद्दीन से तकनीकी खामी के कारण ट्रेन में कोच नहीं जोड़ा गया था, जिसकी जांच दिल्ली के अधिकारी कर रहे हैं। 45 मिनट बाद ट्रेन को आगे रवाना करा दिया गया।