कासगंज। धूप की तेजी व चढ़ते पारे से खेतों में नमी कम हो रही है। इसका सबसे अधिक असर गेहूं की फसल पर पड़ रहा है। बिजली न मिल पाने से किसान पंप से सिंचाई करने को मजबूर हो रहे हैं। जिले में मौसम में गर्माहट आ रही है। दोपहर के समय तेज धूप से पारा भी उछाल आ रहा है। इस समय अधिकतम पारा 32 से 34 डिग्री के बीच चल रहा है। इससे खेतों में नमी कम होने लगी है। जबकि गेहूं की फसल अभी पूरी तरह से पकी नहीं है। इससे फसल पर असर को देखते हुए किसान काफी चिंतित है। समय से पहले फसल के पकने पर पैदावार पर होने वाले असर से किसानों की नींद उड़ी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही। इससे किसानों को पंप का सहारा लेना पड़ रहा है। गांव-गांव पंप चलते देखे जा सकते हैं।