कासगंज। प्रदेश सरकार ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए हॉस्टल और बैरक निर्माण की योजना को हरी झंडी दी है। इसके लिए निर्माण कराने को धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने पर पुलिसकर्मियों को सहूलियतें मिलेंगी।अमांपुर थाना पुलिस के लिए 48 पुलिसकर्मियों की क्षमता वाले हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 186.39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अलावा सोरोंजी थाने में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण करने के लिए 11.96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। अन्य थानों के विकास के लिए भी मंजूरी दी गई है। दोनों ही योजनाओं की स्वीकृति के लिए ट्वीटर पर शासन के द्वारा जानकारी साझा की गई है। जिले के थानों में पुलिस आवास की समस्या काफी समय से बनी हुई है। इस संबंध में पहले पुलिस की ओर से प्रस्ताव भी प्रेषित किए गए थे। हॉस्टल का निर्माण होने के बाद पुलिसकर्मियों की आवास की समस्या समाप्त होगी। काफी पुलिसकर्मी फिलहाल किराए के मकानों में रह रहे हैं।